सरायकेला: पड़ोसी जिला जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बाद सरायकेला-खरसावां पुलिस भी अलर्ट मोड में नजर आ रही है. पुलिस अधीक्षक ने रविवार को जिले के तमाम थाना प्रभारियों को अपने- अपने क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने का निर्देश दिया है. साथ ही साफ किया है कि किसी क्षेत्र में आपराधिक घटना होने पर संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी.


पुलिस अधीक्षक के निर्देश का असर रविवार को आरआईटी थाना क्षेत्र में भी देखने को मिला. आरआईटी पुलिस की ओर से क्षेत्र में पैदल गश्ती निकाली गई. पुलिस टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया. इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाने और अड्डेबाजी करने वालों को चेतावनी दी गई.

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. नियमित गश्ती के साथ पैदल गश्ती भी बढ़ाई गई है. संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर है.
उन्होंने अड्डेबाजी करने वालों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने आम लोगों से भी अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना को सूचना देने की अपील की है. पुलिस का उद्देश्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ ही प्रभावी गश्ती और निगरानी के जरिए आपराधिक घटनाओं को रोकना है.

