गम्हरिया: टायो कॉलोनी में बाजार और स्थानीय सार्वजनिक परिवहन तक पहुंचने के लिए दशकों से इस्तेमाल किए जा रहे पैदल मार्ग को बंद किए जाने की आशंका को लेकर कॉलोनीवासियों ने विरोध जताया है. कॉलोनी के निवासियों ने टायो रोल्स लिमिटेड एवं टाटा स्टील लिमिटेड के अधिकृत अधिकारियों को सामूहिक आवेदन देकर पैदल मार्ग को बंद नहीं करने की मांग की है. साथ ही सुरक्षा संबंधी कोई समस्या होने की स्थिति में रास्ता बंद करने के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था करने का आग्रह किया है.


कॉलोनीवासियों के अनुसार कॉलोनी में लंबे समय से दो अलग-अलग मार्गों का इस्तेमाल होता रहा है. इनमें एक मार्ग भारी एवं अन्य वाहनों के आवागमन के लिए है, जबकि दूसरा पैदल मार्ग कॉलोनीवासियों को नजदीकी बाजार, निजी ऑटो-बस और अन्य दैनिक जरूरतों से जोड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रास्ता कई दशकों से कॉलोनी के दैनिक जीवन का हिस्सा बना हुआ है.
बुजुर्गों की बढ़ेगी परेशानी
कॉलोनीवासियों ने आवेदन में बताया है कि यहां नवजात बच्चों से लेकर 80-90 वर्ष तक के बुजुर्ग रहते हैं. कई बुजुर्ग महिलाएं इसी निकटतम रास्ते से सब्जी, दूध, दवा और दैनिक जरूरत का सामान लेने बाजार जाती हैं. रास्ता बंद होने की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी.
निवासियों का कहना है कि वैकल्पिक रूप से भारी वाहनों के आवागमन वाले मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा तो बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ सकती है. वहीं आपात स्थिति में दवा एवं अन्य जरूरी सामान लाने के साथ निजी ऑटो और बस तक पहुंचने में भी अधिक समय लगेगा.
सुरक्षा जरूरी, मगर रास्ता बंद करना समाधान नहीं : कॉलोनीवासी
कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट किया है कि वे कॉलोनी की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर प्रबंधन की जरूरतों को समझते हैं और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए तैयार हैं. हालांकि उनका कहना है कि सुरक्षा या अनधिकृत आवागमन जैसी किसी समस्या का समाधान वर्षों से इस्तेमाल हो रहे पैदल मार्ग को पूरी तरह बंद करके नहीं किया जाना चाहिए.
निवासियों ने सुझाव दिया है कि यदि सुरक्षा संबंधी समस्या है तो रास्ते पर गेट, सुरक्षा प्रहरी, निर्धारित समय अथवा पहचान-पत्र जैसी व्यवस्था लागू की जा सकती है. यदि किसी कारण से वर्तमान मार्ग में बदलाव अनिवार्य है तो पहले कॉलोनीवासियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षित और सुविधाजनक वैकल्पिक पैदल मार्ग उपलब्ध कराया जाए.
प्रबंधन के साथ बैठक की मांग
कॉलोनीवासियों ने प्रबंधन से वर्तमान पैदल मार्ग को खुला रखने, बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने तथा रास्ता बंद करने से पहले इसके सामाजिक एवं मानवीय प्रभाव का आकलन करने की मांग की है.
साथ ही कॉलोनीवासियों और कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच शीघ्र बैठक आयोजित करने की मांग की गई है, ताकि विवाद बढ़ने के बजाय आपसी बातचीत से व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके.
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उनका उद्देश्य कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था में हस्तक्षेप करना नहीं, बल्कि दशकों से चली आ रही बुनियादी आवागमन सुविधा को बरकरार रखना है. अब इस सामूहिक मांग पर कंपनी प्रबंधन क्या निर्णय लेता है, इस पर कॉलोनीवासियों की निगाहें टिकी हैं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

