जामताड़ा: मिहिजाम में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. रविवार की सुबह मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोरायनाला चरकापहाड़ी मोड़ के समीप तेज गति से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया. हादसे में कार चालक के घायल होने की सूचना है. दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.


ग्रामीणों के अनुसार कार में चार-पांच लोग सवार थे और वाहन की रफ्तार काफी तेज थी. मोड़ के समीप पहुंचते ही चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे बिजली के पोल से जा भिड़ा. हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.
ग्रामीणों ने दावा किया कि कार चालक शराब के नशे में था. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. नशे में वाहन चलाने की बात पुलिस जांच और आवश्यक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को दी गयी. पुलिस के पहुंचने के बाद हादसे के कारणों की जांच शुरू की गयी. वहीं, टूटे बिजली पोल के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता देखी गयी.
ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के साथ ही मोड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उनका कहना है कि ऐसे स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित नहीं हुई तो भविष्य में इससे बड़ा हादसा हो सकता है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

