रांची: रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से चार वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले का पुलिस ने दो दिनों के भीतर उद्भेदन करने का दावा किया है. पुलिस ने बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र से सकुशल बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.


जानकारी के अनुसार 24 सितंबर की सुबह रेलवे स्टेशन के बाहर से बच्चा लापता हो गया था. सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर की रात धनबाद पुलिस के सहयोग से रेलवे स्टेशन के समीप एक आरोपी को पकड़ा गया. उससे मिली जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ में छापेमारी की गई. वहां से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
बच्चे के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है. पुलिस अब अपहरण के उद्देश्य, आरोपियों के आपसी संबंध और इसके पीछे किसी नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है.

