जमशेदपुर: शनिवार को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में डॉमिनिक सैमसन, दिलशाद, रिजवान और कृष्णा चौधरी घायल हुए हैं. इनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. सभी का इलाज TMH में चल रहा है.


घटना की जानकारी मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. डीआईजी के अनुसार हमलावरों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं और पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. उन्होंने फायरिंग के कारणों को लेकर जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया.
डोबो की जमीन को लेकर विवाद की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच में कपाली के डोबो क्षेत्र से जुड़े एक जमीन विवाद के पहलू की भी चर्चा सामने आ रही है. दावा किया जा रहा है कि करोड़ों रुपये की जमीन के सौदे को लेकर बातचीत चल रही थी और डॉमिनिक इसमें मध्यस्थता कर रहा था. इसी सिलसिले में बातचीत के लिए बुलाए जाने और बात नहीं बनने के बाद फायरिंग किए जाने की चर्चा है. बताया जा रहा है कि तीन हमलावरों ने करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कपाली पुलिस ने संदेह के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. इसकी भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
लगातार वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पिछले कुछ दिनों में शहर में बैंक डकैती, गोलीबारी और अन्य बड़ी आपराधिक घटनाओं के सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी और बढ़ी हुई सतर्कता के बीच बिंदल मॉल जैसी व्यस्त जगह पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. अब पुलिस के लिए सीसीटीवी में दिख रहे हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी करने के साथ यह स्पष्ट करना भी अहम होगा कि फायरिंग के पीछे जमीन विवाद था या कोई दूसरी वजह.

