जामताड़ा: संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने शनिवार को कुंडहित प्रखंड के अंबा पंचायत सभागार में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शिविर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से सीधे संवाद कर एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी उनकी समस्याओं की जानकारी ली. साथ ही दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कार्रवाई का जायजा लिया.


पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए
आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाना है. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से नहीं छूटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही तरीके से सत्यापन और शुद्धीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ आगामी चुनावों की निष्पक्षता के लिए भी महत्वपूर्ण है.
समस्याओं का गंभीरता से करें समाधान
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शिविर में मौजूद मतदाताओं से दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया को लेकर जानकारी ली. उन्होंने पाया कि अधिकांश मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंच रहे हैं. आयुक्त ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि एसआईआर से संबंधित किसी भी समस्या को लेकर आने वाले लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए.
उन्होंने कहा कि दस्तावेज तैयार कराने से लेकर उनके सत्यापन तक जरूरतमंद मतदाताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
पारदर्शी तरीके से पूरी हो प्रक्रिया
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं के दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया, ताकि मतदाता सूची के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हो.
इससे पूर्व प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने प्रमंडलीय आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. मौके पर जामताड़ा जिले के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा समेत निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

