गम्हरिया: प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीहरि विष्णु के ‘अनंत’ स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अनंत व्रत की कथा सुनी.


धार्मिक मान्यता के अनुसार अनंत चतुर्दशी भगवान विष्णु के अनंत और अविनाशी स्वरूप की आराधना का पर्व है. व्रत के दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद अनंत सूत्र धारण कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.
अनंत सूत्र धारण कर लिया भगवान का आशीर्वाद
पूजन के दौरान परंपरागत विधि से खीरे में अनंत सूत्र बांधकर उसे कच्चे दूध में डुबोकर भगवान को अर्पित किया गया. दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन किया और अपनी कलाई पर अनंत सूत्र बंधवाया.
पूजा संपन्न होने के बाद विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. पूरे दिन क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा.

