जामताड़ा: चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर तैनात 58 वर्षीय एएसआई मुंद्रिका प्रसाद की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. वह चित्तरंजन रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रेल आवास में रहते थे. गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उन्हें आवास के अंदर जमीन पर अचेत अवस्था में पाया गया.


घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी विमल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में एएसआई को इलाज के लिए चिरका स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
एएसआई की मौत की सूचना मिलने के बाद चित्तरंजन पुलिस भी अस्पताल पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल महकमा अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव को धनबाद जीआरपी केंद्र ले जाया जाएगा. वहां पुलिस सम्मान के साथ सलामी देने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
नालंदा के रहने वाले थे मुंद्रिका प्रसाद
मुंद्रिका प्रसाद मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. वर्तमान में उनका परिवार जामताड़ा शहर के वार्ड संख्या 13 स्थित शिवधाम मोहल्ले में रहता है. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

