रुपनारायणपुर/जामताड़ा: अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की खुफिया शाखा ने सालानपुर थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर स्थित हिंदुस्तान केबल्स इलाके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से तीन आग्नेयास्त्र बरामद किए हैं. गिरफ्तार युवकों की पहचान आरियान वाल्मीकि और सुमित गुप्ता के रूप में हुई है. दोनों रूपनारायणपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.


पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुफिया विभाग को सूचना मिली थी कि दोनों युवक कथित रूप से अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति से जुड़े हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने हिंदुस्तान केबल्स इलाके में निगरानी बढ़ाई. संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी में बरामद हुए तीन आग्नेयास्त्र
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली. इस दौरान उनके पास से तीन आग्नेयास्त्र बरामद किए गए. हथियार बरामद होने के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. मामले में सालानपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है.
सात दिनों की पुलिस हिरासत की मांग
पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया. हथियारों के स्रोत, संभावित खरीदारों और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पुलिस ने अदालत से सात दिनों की हिरासत की मांग की है.
हथियार कहां से आए और किसे होने थे सप्लाई?
पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था. जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं मामले के तार किसी अंतरजिला या अंतरराज्यीय हथियार नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं. पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

