आदित्यपुर: आगामी दुर्गा पूजा के दौरान आदित्यपुर- कांड्रा मुख्य सड़क के प्रथम किलोमीटर में पान दुकान चौक के पास बने कट को पूर्व की तरह खुला रखने की मांग उठी है. जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा. इसकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी दी गई है.


ज्ञापन में कहा गया है कि आदित्यपुर-कांड्रा फोरलेन के निर्माण के समय से ही पान दुकान चौक के पास कट का प्रावधान है और वहां ट्रैफिक सिग्नल भी लगाया गया है. मोर्चा के अनुसार प्रथम किलोमीटर में करीब 600 मीटर की दूरी पर स्थित इस कट का इस्तेमाल वार्ड संख्या 18 और 19 के बड़ी संख्या में दोपहिया-चारपहिया वाहन चालक एवं पैदल राहगीर बिष्टुपुर की ओर आने-जाने के लिए करते हैं.
कट बंद हुआ तो पटेल चौक पर बढ़ेगा दबाव
अधिवक्ता ओम प्रकाश ने ज्ञापन में कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान पान दुकान चौक का कट बंद किए जाने पर वार्ड 18 और 19 के लोगों को पटेल चौक होकर जाना पड़ता है. पटेल चौक पर पहले से आरआईटी थाना क्षेत्र की ओर से आने वाले वाहनों और लोगों का दबाव रहता है. ऐसे में पान दुकान चौक का कट बंद होने से यहां अतिरिक्त भीड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है.
मोर्चा ने यह भी कहा कि बिष्टुपुर की ओर से खरकाई पुल पार कर वार्ड संख्या 17 जाने वाले वाहनों को भी कट बंद रहने पर पटेल चौक तक जाकर यू-टर्न लेना पड़ता है और करीब 400 से 500 मीटर अतिरिक्त दूरी तय कर वापस लौटना पड़ता है.
कट पर ट्रैफिक पुलिस तैनात करने का सुझाव
जन कल्याण मोर्चा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दुर्गा पूजा सहित अन्य व्यस्त अवसरों पर पान दुकान चौक के कट को बंद करने के बजाय वहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए. इससे यातायात नियंत्रित रखने के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सकेगी. मोर्चा के अनुसार उपायुक्त ने मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देने की बात कही है.

