जमशेदपुर: सोनारी के कागल नगर स्थित काली पूजा कमेटी हॉल में शनिवार को दो दिवसीय ‘श्रीजनी कार्निवल’ का शुभारंभ हुआ. महिलाओं द्वारा संचालित संस्था बनश्री सरकार एवं ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित कार्निवल का उद्घाटन सामाजिक एवं सांस्कृतिक कर्मी पूरबी घोष ने किया.


पहले दिन आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में शहर के करीब 150 बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई. प्रतियोगिता के निर्णायक राजू मुखर्जी रहे. वहीं कार्निवल में शहर की 28 महिलाओं ने अलग-अलग स्टॉल लगाए हैं, जिनमें आकर्षक परिधान, आभूषण और विभिन्न खाद्य सामग्री प्रदर्शित की गई.
आयोजन के दूसरे दिन रविवार को सुबह 9 बजे से संगीत प्रतियोगिता होगी. इसमें रवींद्र संगीत, नजरुल गीति, देशभक्ति और आधुनिक गीतों की अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. विजेताओं को 3 और 4 अक्टूबर को साकची बंगाल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा. कार्यक्रम में बनश्री सरकार, शिल्पी सिंह, देबश्री नाग, सोमा सेनगुप्ता, सोमा घोष, सुलेखा डे और टुम्पा समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

