जामताड़ा: कॉलेज ग्राउंड में कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में जामताड़ा जिला कबड्डी संघ द्वारा झारखंड राज्य जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2026 के लिए जिला टीम चयन ट्रायल आयोजित किया गया. ट्रायल में जिले के 120 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.


ट्रायल जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की देखरेख में आयोजित हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के चेयरमैन डॉ. डी. डी. भंडारी मौजूद रहे. इस दौरान सचिव करन कुमार राऊत, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष सलिल कुमार, कोषाध्यक्ष शुभम सोलंकी, उपाध्यक्ष अनीश रंजन, संयुक्त सचिव दीपक रजक, आबिद अंसारी, सरोज यादव, विवेक रजक, अभिषेक दुबे समेत संघ के अन्य पदाधिकारी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे.
खेल क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन
चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, खेल तकनीक, कौशल और मैदान पर प्रदर्शन का आकलन किया गया. चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बालक वर्ग से 14 और बालिका वर्ग से 14 खिलाड़ियों का चयन किया. इस तरह कुल 28 खिलाड़ी जिला टीम में जगह बनाने में सफल रहे.
चयनित खिलाड़ी अब 12 से 14 सितंबर 2026 तक साहिबगंज में आयोजित झारखंड राज्य जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2026 में जामताड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में तराशे जाएंगे खिलाड़ी
जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की अध्यक्ष मीरा मिश्रा ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जामताड़ा जिले का नाम रोशन करे.
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. संघ के सचिव करन कुमार राऊत ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए संघ की ओर से पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है.
प्रशिक्षण शिविर में जिले के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हरि सोनकर, राज सोनकर, विनोद प्रसाद, झूलन सिंह और अविनाश रावत प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे. शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए तकनीकी, फिटनेस और खेल रणनीति के स्तर पर तैयार किया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

