रांची: तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को कार्रवाई की है. इसी क्रम में राजधानी रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उर्दू अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक’ के कार्यालय में भी ED की टीम छापेमारी कर रही है.


कार्रवाई के दौरान अखबार कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. किसी भी बाहरी व्यक्ति को कार्यालय के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है. ED की टीम कार्यालय में दस्तावेजों एवं अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कथित संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी शिकायतों की जांच के सिलसिले में किए जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि छापेमारी किस विशेष मामले अथवा लेनदेन को लेकर की जा रही है, इस संबंध में ED की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

