आदित्यपुर: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण सेवा संघ, बनतानगर आदित्यपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का रविवार को नगर कीर्तन के साथ समापन हुआ. इस दौरान पूरा क्षेत्र राधा-कृष्ण के जयकारों और भजनों से भक्तिमय रहा.


समापन समारोह में उद्यमी सह प्रधान कंस्ट्रक्शन के संचालक देवचरण प्रधान ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा- अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में एकजुटता और समरसता बढ़ती है. कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीकृष्ण का बाल रूप रहा.
कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनसे जुड़ी कथाओं की जानकारी भी दी गई. वहीं कीर्तन मंडलियों ने राधा-कृष्ण की जीवनी पर आधारित भजन, गीत और नृत्य प्रस्तुत किए, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे. रविवार सुबह नगर कीर्तन निकाले जाने के बाद तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन हुआ. आयोजन को सफल बनाने में राजेश प्रधान, राजकुमार, अरुण प्रधान, खिरोद सरदार, धर्मेंद्र प्रधान, महेश, संगीता प्रधान और रितेश प्रधान सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

