खरसावां: विश्व हिन्दू परिषद का स्थापना दिवस शनिवार को खरसावां में प्रखंड अध्यक्ष सुब्रत सिंह देव की अध्यक्षता में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में विहिप के प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.


कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संगठन के संस्थापक महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस दौरान विहिप के उद्देश्यों, सामाजिक समरसता, भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण पर चर्चा हुई.
प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार ने कहा कि विहिप समाज सेवा, संस्कार निर्माण, गौ संरक्षण, धार्मिक जागरण और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
जिला उपाध्यक्ष अजय मिश्रा ने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. वहीं प्रखंड अध्यक्ष सुब्रत सिंह देव ने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपरा और इतिहास से जुड़कर राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आने की अपील की. कार्यक्रम में शीतल प्रसाद साहू, मनमीत सिंह देव, राजकुमार केशरी, धीरज केशरी सहित विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे.

