जामताड़ा: विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर आठ सितंबर को हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर, जामताड़ा की ओर से वॉक एंड रन, फिटनेस एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा. रैली की शुरुआत सुबह छह बजे गांधी मैदान से होगी. विभिन्न मार्गों से होते हुए रैली न्यू टाउन मदनपल्ली स्थित हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर परिसर में पहुंचकर समाप्त होगी. रैली के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा. इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘स्वस्थ उम्रदराजगी’ रखा गया है. कार्यक्रम की जानकारी देते हुए हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर के निदेशक डॉ. भास्कर चांद ने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण लोगों में शारीरिक सक्रियता लगातार कम होती जा रही है. ऐसे में नियमित पैदल चलना, दौड़ना और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल दर्द के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि चोट से बचाव, शारीरिक क्षमता बढ़ाने और बेहतर जीवनशैली अपनाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के प्रति जागरूक करना है, ताकि बढ़ती उम्र में भी लोग शारीरिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बने रहें.


फिटनेस के प्रति जागरूकता जरूरी : दीपक दुबे
जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के वरीय उपाध्यक्ष दीपक दुबे ने फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि बेहद आवश्यक है. उन्होंने आम लोगों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अपनी क्षमता के अनुसार नियमित पैदल चलने और व्यायाम करने की अपील की.
रक्तदान शिविर के साथ स्वास्थ्य जांच भी
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा. जामताड़ा वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन के सचिव अरूप मित्र ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की, ताकि जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सके. इसके अलावा नि:शुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप भी लगाया जाएगा. इसमें विभिन्न स्वास्थ्य जांच के साथ फिजियोथेरेपी से संबंधित परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के रुन्टी चंद्र, रेणु पद पात्र, देवासी हेम्ब्रम, उर्मिला आर्यन, अजय कुमार चांद, संजीव सेन तथा फिजियोथेरेपी टीम के राजशेखर, अमर, सुदर्शन सहित अन्य गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे.
आयोजकों ने जामताड़ा के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर ‘स्वस्थ जामताड़ा, सक्रिय जामताड़ा’ के संदेश को मजबूत करने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

