रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति की ओर से आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों को सम्मानित किया.


इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानवता को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं. जन्माष्टमी समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरहाबादी मैदान में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों ने जन्मोत्सव को और उत्साहपूर्ण बना दिया है. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से झारखंड में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने तथा राज्य के निरंतर विकास की कामना की.
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

