सरायकेला- खरसावां: जिले में अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स और पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को पुलिस को बड़ी सौगात मिली. जिला पुलिस के बेड़े में 19 नई बोलेरो शामिल की गई हैं. इसके साथ ही जिले में पुलिस के पास अब कुल 38 बोलेरो और 26 बाइक उपलब्ध हो गई हैं. नए वाहनों को अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में लगाया जाएगा.


गुरुवार को सरायकेला पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने नए पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया. कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, पुलिस मेंस एसोसिएशन और पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे.

एसपी खुद स्टेयरिंग संभालकर निकले पेट्रोलिंग पर
नई गाड़ियों को रवाना करने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी स्वयं एक पेट्रोलिंग वाहन की स्टेयरिंग संभालकर निकले. एसडीपीओ एवं मुख्यालय डीएसपी को साथ लेकर उन्होंने कोलेबिरा तक वाहन चलाते हुए पेट्रोलिंग की. इस दौरान पुलिसिंग में नए वाहनों की उपयोगिता और क्षेत्र में पेट्रोलिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. एसपी ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से जिले में पुलिस की गतिशीलता बढ़ेगी. किसी आपराधिक घटना अथवा विधि-व्यवस्था की समस्या की सूचना मिलने पर पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में सुविधा होगी. नियमित पेट्रोलिंग बढ़ने से अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक संसाधन राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना जिला पुलिस की प्राथमिकता है.

दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में भी बढ़ेगी पुलिस की पहुंच
सरायकेला- खरसावां जिले का भौगोलिक क्षेत्र काफी विस्तृत है. शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण, औद्योगिक और दूर-दराज के इलाकों में भी पुलिस को नियमित गश्त करनी पड़ती है. ऐसे में अतिरिक्त वाहनों की उपलब्धता से थानों और पेट्रोलिंग टीमों की क्षेत्र में मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी.

विशेष रूप से रात्रि गश्ती, हाईवे पेट्रोलिंग, अपराधियों की धर-पकड़, आपातकालीन सूचना पर त्वरित कार्रवाई और विधि-व्यवस्था की स्थिति में नए वाहन पुलिस के लिए उपयोगी साबित होंगे.

पुलिस को मिले 40 फर्स्ट एड मेडिकल किट
इससे पूर्व ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तमोलिया की ओर से जिला पुलिस को 40 फर्स्ट एड मेडिकल किट भी उपलब्ध कराए गए. इन किटों को पुलिस वाहनों एवं आवश्यकता वाले स्थानों पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने से पहले प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके. एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि फर्स्ट एड किट मिलने से पुलिसकर्मियों को काफी सहूलियत होगी. पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस कई बार दुर्घटनाओं और दूसरी आपात परिस्थितियों में सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचती है. ऐसे में वाहन में प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहने से जरूरतमंद को तत्काल सहायता देने में मदद मिलेगी. नई बोलेरो और फर्स्ट एड किट मिलने के बाद जिला पुलिस के पास संसाधनों में बढ़ोतरी हुई है. अब इन संसाधनों के जरिए जिले में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने, रिस्पॉन्स टाइम कम करने और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा.

