जमशेदपुर: शहर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) को बड़ी कामयाबी मिली है. बुधवार को जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया.


गौरतलब है कि 24 अगस्त 2026 को निखार सबलोक को सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत 10th माइलस्टोन रिसोर्ट के पास गोली मार दी गई थी. गंभीर रूप से घायल निखार को टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. इसके बाद बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 115/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया.
एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त हुंडई आई-10 कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 05 AN 5503 है, बरामद कर ली गई है. इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने बरामद किया है.

पुलिस ने हत्याकांड में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस सिंह और अंकित सिंह शामिल हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां सामने आई हैं.
पुलिस जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया गया है. निखार सबलोक की हत्या के लिए कथित तौर पर 15 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है. हालांकि इस हत्याकांड की जांच अभी पूरी नहीं हुई है. मामले में अभिमन्यु सिंह और एक अन्य शूटर फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित एसआईटी में जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां पुलिस के अधिकारियों को शामिल किया गया था. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद मामले में कुछ और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

