राजनगर: प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया पंचायत के जारकानी गांव में प्रस्तावित खनन पट्टा के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने ग्राम सभा आयोजित कर अपना विरोध दर्ज कराया. माझी बाबा सह ग्राम प्रधान लाभो बास्के के नेतृत्व में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि गांव से किसी भी परिस्थिति में खनन पट्टा के लिए NOC नहीं दिया जाएगा.


ग्रामीणों का कहना है कि खनन कार्य शुरू होने से क्षेत्र के पर्यावरण और खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. खनन के दौरान धूल, प्रदूषण और भारी वाहनों के आवागमन से गांव के लोगों को परेशानी होने की आशंका है. प्रस्तावित खनन क्षेत्र के समीप स्कूल होने के कारण ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता भी जताई.
ग्रामीणों ने बताया कि मामले को लेकर पूर्व में जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है. इसके बावजूद खनन पट्टा की प्रक्रिया आगे बढ़ने की आशंका को देखते हुए ग्राम सभा आयोजित कर सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराया गया.
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि गांव की सहमति के बिना खनन पट्टा नहीं लगने दिया जाएगा. उन्होंने जिला प्रशासन से स्थल का निरीक्षण कराने और ग्राम सभा के निर्णय को ध्यान में रखते हुए खनन पट्टा की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की.
ग्राम सभा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण शामिल हुए. ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव की जमीन, पर्यावरण, खेती और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

