राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांजन और छोटाकांकी गांव के समीप स्थित चेकडैम में मंगलवार को नहाने के दौरान करीब 28 वर्षीय युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया. लापता युवक की पहचान प्रोदुन्म प्रधान, पिता कपूर प्रधान के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार, प्रोदुन्म प्रधान रोजाना की तरह मंगलवार को भी चेकडैम में नहाने गया था. बताया जा रहा है कि वह स्कूली बच्चों को वाहन से पहुंचाकर वापस लौटने के बाद चेकडैम में नहाने पहुंचा था. इसी दौरान अचानक पानी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से उसका संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते वह पानी की तेज धारा में बहकर लापता हो गया.
बताया गया कि घटना के समय युवक के साथ दो अन्य लोग भी चेकडैम में नहा रहे थे. दोनों किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी. ग्रामीणों ने चेकडैम सहित आसपास के नदी क्षेत्र में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका.
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे. युवक के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव दल भेजकर युवक की तलाश कराने की मांग की है. साथ ही गोताखोरों और आवश्यक संसाधनों की मदद से खोजबीन अभियान चलाने की गुहार लगाई है.
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर भी युवक की तलाश जारी रखी गई है. वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी युवक की खोजबीन के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

