सरायकेला: जिले के आदित्यपुर नगर निगम के सालडीह बालू उठाव स्थल से कथित अवैध बालू खनन एवं परिवहन की सूचनाओं के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए घाट तक जाने वाले मार्ग को बंद करा दिया है. हालांकि खान निरीक्षक की जांच के दौरान मौके पर अवैध रूप से बालू का खनन या उठाव करते कोई व्यक्ति अथवा वाहन नहीं पाया गया.


जिला प्रशासन के अनुसार विभिन्न माध्यमों से मिल रही सूचनाओं और स्थानीय समाचारों में मामला सामने आने के बाद उपायुक्त के निर्देश पर स्थल की जांच कराई गई. जांच में तत्काल अवैध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन भविष्य में अवैध बालू उठाव एवं परिवहन की संभावना को रोकने के उद्देश्य से सालडीह बालू उठाव स्थल तक जाने वाला मार्ग बंद करा दिया गया.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि NGT द्वारा निर्धारित प्रतिबंधित अवधि और लागू प्रावधानों के दौरान अवैध बालू खनन, उठाव, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बिना वैध अनुमति और आवश्यक परिवहन चालान के बालू का उठाव अथवा परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति एवं वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी.
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने कहा कि जिले में खनिजों का अवैध खनन, भंडारण और परिवहन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित व्यक्ति, वाहन और अन्य संलिप्त पक्षों के खिलाफ खनिज नियमों एवं प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने आम लोगों से भी अवैध खनन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है.

