जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर खरखोकुंडी के समीप सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय हेमन रजक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर हाईवे जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया. इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई.


जानकारी के अनुसार, खरखोकुंडी गांव निवासी हेमन रजक अपनी गाय को मैदान में खूंटे से बांधकर वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान हाईवे पार करने के दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेमन रजक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर हाईवे पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया. जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
सूचना मिलने पर बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता और नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने और जाम हटाने का प्रयास किया. प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों की मांगों पर बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने में जुटे रहे.
इधर, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीण कंटेनर चालक को अपने साथ गांव की ओर ले गए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

