चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. नगर परिषद के वार्ड संख्या 15 स्थित रहमतनगर में केला गोदाम के समीप सोमवार को दोपहर करीब 12.25 बजे सड़क और आसपास का पूरा क्षेत्र पानी से भर गया. सड़क पर जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ी.


स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश होते ही केला गोदाम और आसपास की सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है. स्कूली बच्चे इसी पानी से होकर आने-जाने को मजबूर हैं. महिलाओं और बुजुर्गों को भी सड़क पर जमा पानी के बीच से गुजरने में काफी परेशानी होती है. दोपहिया वाहन चालकों को भी जलजमाव के बीच सावधानी से आवागमन करना पड़ रहा है.

स्थानीय निवासी मोहम्मद इसराइल ने बताया कि इलाके में जलजमाव की समस्या आज की नहीं है, बल्कि कई वर्षों से लोग इस परेशानी का सामना कर रहे हैं. प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में सड़क पर पानी जमा हो जाता है. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
मोहम्मद इसराइल ने कहा कि कई वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन समस्या का समाधान करने वाला कोई नहीं है. छोटे-छोटे स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान होते हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जनता जाए तो जाए कहां. उन्होंने प्रशासन और नगर परिषद से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कराने तथा जल निकासी के लिए नाली की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है. इससे आसपास रहने वाले लोगों में मच्छरजनित बीमारियों और संक्रमण का खतरा बना रहता है. छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर स्थानीय लोग विशेष रूप से चिंतित हैं.

लोगों ने कहा कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है. बारिश के दौरान स्थिति और खराब होने की आशंका बनी हुई है. वार्ड संख्या 15 के लोगों ने कपाली नगर परिषद प्रशासन से केला गोदाम के समीप जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. लोगों ने नालियों की नियमित सफाई, पानी की निकासी और जरूरत के अनुसार सड़क की मरम्मत कराने की भी मांग की.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद से बेहतर नागरिक सुविधाओं की उम्मीद है. अब देखना यह है कि वर्षों पुरानी इस समस्या पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और वार्ड संख्या 15 के रहमतनगर के लोगों को जलजमाव से कब तक राहत मिलती है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

