जमशेदपुर: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए कथित हमले को लेकर आजसू छात्र संघ ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ प्रस्तावित आंदोलन की अनुमति मांगी है.


पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्र शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हाल में सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक पुतला दहन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने छात्रों पर हमला किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए. उन्होंने दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की.
आजसू छात्र संघ ने 2 सितंबर को शाम 5 बजे साकची आमबागान से पैदल मार्च निकालने की घोषणा की है. मार्च साकची गोलचक्कर पहुंचेगा, जहां सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जाएगा. इसके बाद छात्र उपायुक्त कार्यालय तक मार्च कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे.
संगठन ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य छात्रों के अधिकार और भविष्य की रक्षा करना है. मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी भी दी गई है.

