नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों को नई दिशा देते हुए सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SBAI) और सॉफ्टबॉल न्यूजीलैंड (SNZ) ने सॉफ्टबॉल के विकास और विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं. नई दिल्ली के होटल द ललित में आयोजित समारोह में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने इस समझौते को औपचारिक रूप दिया.


SBAI के अनुसार यह समझौता भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल सहयोग को क्रिकेट से आगे बढ़ाकर प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स साइंस, तकनीक, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं के विकास तक ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

MoU पर सॉफ्टबॉल न्यूजीलैंड के बोर्ड सदस्य जय चंगलानी और सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. प्रवीण अनाओकर ने हस्ताक्षर किए. इस अवसर पर SBAI के संयुक्त सचिव वसीम राजा खान, संयुक्त सचिव शिबानी टैगोर और विजय गौर सहित दोनों संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
चार साल का समझौता, सात क्षेत्रों पर रहेगा फोकस
यह MoU शुरुआती तौर पर चार वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा. इसके तहत खिलाड़ी विकास, उच्चस्तरीय कोचिंग, तकनीकी अधिकारियों के प्रशिक्षण, खेल आधारभूत संरचना, हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम और जमीनी स्तर पर सॉफ्टबॉल के विस्तार सहित सात प्रमुख क्षेत्रों में दोनों संगठन मिलकर काम करेंगे.
समझौते की सबसे महत्वपूर्ण पहल भारत-न्यूजीलैंड सॉफ्टबॉल सीरीज होगी. दोनों देशों के बीच पहली बार द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल लीग अथवा सीरीज शुरू करने की योजना है. इसका आयोजन बारी-बारी से भारत और न्यूजीलैंड में किया जाएगा. इससे भारतीय खिलाड़ियों को नियमित रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा.
भारतीय टीमों को न्यूजीलैंड के हाई-परफॉर्मेंस कोच
समझौते के तहत सॉफ्टबॉल न्यूजीलैंड भारतीय राष्ट्रीय टीमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के हाई- परफॉर्मेंस कोच उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा. इसमें सीनियर, जूनियर और महिला टीमें शामिल होंगी. SBAI का मानना है कि इससे भारतीय खिलाड़ियों को एशियाई खेलों और विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी.
दोनों संगठन भारत में ग्रासरूट स्तर से हाई-परफॉर्मेंस तक एक व्यापक कार्यक्रम भी विकसित करेंगे. इसके तहत युवा खिलाड़ियों और महिला एथलीटों पर विशेष ध्यान देने के साथ स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. अंपायर और स्कोरर प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स साइंस तथा हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम को भी इसका हिस्सा बनाया गया है.
मोदी-लक्सन की खेल सहयोग की पहल से जुड़ा समझौता
SBAI ने इस समझौते को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच बढ़ते खेल सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है. संगठन के मुताबिक दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को व्यापक बनाने की परिकल्पना ने इस साझेदारी के लिए आधार तैयार किया.
SBAI ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों का लंबा इतिहास रहा है. वर्ष 1926 में मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम के न्यूजीलैंड दौरे से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर खेल सहयोग को नए क्षेत्रों तक विस्तारित करने पर जोर दिया गया है.
सिर्फ MoU नहीं, एक आंदोलन की शुरुआत
SBAI नेतृत्व ने समझौते को भारतीय सॉफ्टबॉल के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि यह केवल एक MoU नहीं, बल्कि एक आंदोलन की शुरुआत है. इसके माध्यम से भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया की मजबूत सॉफ्टबॉल प्रणालियों में शामिल न्यूजीलैंड के अनुभव और प्रशिक्षण व्यवस्था से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा.
एसोसिएशन का लक्ष्य देश के प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से युवा एवं महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के साथ भारत को अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल में मजबूत प्रतिस्पर्धी शक्ति के रूप में स्थापित करना है. दोनों संगठनों का मानना है कि यह साझेदारी सॉफ्टबॉल के विकास के साथ भारत और न्यूजीलैंड के खेल एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी और मजबूत करेगी.

