जामताड़ा : मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा एवं समृद्धि शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गांधी मैदान में WALKATHON 2.0 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच एवं समृद्धि शाखा के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.


इस वर्ष वॉकथॉन का मुख्य नारा “Walk Together, Thrive Together” यानी “साथ चलें, समृद्ध बनें” रखा गया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ एकता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा.
मौके पर मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा के अध्यक्ष जतिन परशुरामका ने कहा कि वॉकथॉन के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि स्वस्थ जीवन ही समृद्ध जीवन है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच बेहतर समाज एवं बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है.
उन्होंने बताया कि WALKATHON 2.0 अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का राष्ट्रीय स्तर का अभियान है. इसका आयोजन देशभर में एक साथ 800 से अधिक स्थानों पर किया जा रहा है. जामताड़ा में भी सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया.
कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच के सचिव अभिषेक डोकानियां, चंदन परशुरामका, प्रदीप अग्रवाल, कपूर नारनोलिया, विनीत गुटगुटिया, राजेश शक्सेरिया, मिंटू अग्रवाल, उमेश शास्त्री, समृद्धि शाखा की अध्यक्षा प्रीति अग्रवाल, सचिव खुशबू लोहारिका, नीतू परशुरामका, सुमन टिबरीवाल, केशव परशुरामका सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

