सरायकेला: अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर झारखंड के PDS दुकानदार अब आंदोलन की राह पर उतरेंगे. ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड राज्य के आह्वान पर एक सितंबर को राज्य के सभी 24 जिलों में एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा. सरायकेला-खरसावां में धरना जिला मुख्यालय स्थित DC कार्यालय परिसर के समीप सुबह 11 बजे से होगा.


धरना कार्यक्रम की सूचना एवं अनुमति को लेकर शनिवार को एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष, कोल्हान प्रमंडल संयोजक एवं सरायकेला- खरसावां PDS जिला अध्यक्ष फूल कांत झा ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता एवं अन्य सहयोगियों के साथ उपायुक्त को आवेदन सौंपा.
फूल कांत झा ने बताया कि राज्यभर के PDS दुकानदार लंबे समय से अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. सरकार एवं प्रशासन का ध्यान इन समस्याओं की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से संगठन ने सभी 24 जिलों में एक साथ शांतिपूर्ण धरना देने का निर्णय लिया है.
उन्होंने जिले के सभी PDS दुकानदारों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से एक सितंबर को सुबह 11 बजे अधिक से अधिक संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
एसोसिएशन के अनुसार सरायकेला-खरसावां में धरने का नेतृत्व फूल कांत झा करेंगे. संगठन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा और इसके माध्यम से PDS दुकानदार अपनी मांगों को सरकार एवं प्रशासन के समक्ष रखेंगे.

