चतरा: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से सातवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान उत्क्रमित मध्य विद्यालय (UMS) डाढा के छात्र अनीश उरांव, पिता बीरबल उरांव के रूप में हुई है. घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.


बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में खेल दिवस का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और आकाशीय बिजली गिरने से अनीश उसकी चपेट में आ गया. घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अनीश मूल रूप से रांची के बूटी मोड़ स्थित खेलगांव के बाकीम टोली का रहने वाला था. वह चतरा में अपने नाना बंधन उरांव के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था. छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

