जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोवाकोला गांव स्थित तालाब में शनिवार को नहाने के दौरान डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान तलवड़िया गांव निवासी करीब 32 वर्षीय मंगल राय के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला.


जानकारी के अनुसार मंगल राय मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. शनिवार को वह गोवाकोला स्थित तालाब में नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से शव को तालाब से बाहर निकाला गया.
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है. मृतक के भाई तुलसी राय और तरुण राय ने बताया कि मंगल राय के पीछे उसकी एक दुधमुंही बच्ची है. हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है. मजदूरी कर परिवार चलाने वाले मंगल राय की मौत से दुधमुंही बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

