आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां फ्लैट नंबर 515 से कथित तौर पर कूदने से 18 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में बताई जा रही है. वह सतबोहनी क्षेत्र की रहने वाली थी.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खुशबू अचानक साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची. गार्ड को फ्लैट नंबर 515 में अपने परिचित से मिलने जाने की बात कहकर ऊपर पहुंची थी. इसके बाद वह फ्लैट से नीचे गिर गई. घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.

सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. उधर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए है. पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि 18 वर्षीय खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किस परिस्थिति में और किसके पास पहुंची थी. घटना से पहले वहां क्या हुआ और फ्लैट से गिरने की वास्तविक वजह क्या रही, इन तमाम पहलुओं की जांच जरूरी मानी जा रही है.
फिलहाल घटना को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि से पहले इसके कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाने के साथ घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

