सोनुआ: थाना क्षेत्र के बारी-गजपुर मुख्य मार्ग पर बारी गांव के समीप बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान रोलाकुटी बिला निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र बोबोंगा और 30 वर्षीय बालक राम मुंडा के रूप में हुई है.


घटना की सूचना मिलने पर सोनुआ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने ससुराल से बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बारी गांव के समीप बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुर्घटना में शैलेंद्र बोबोंगा की नाक पर गंभीर चोट लगी है, जबकि बालक राम मुंडा के आंख के सामने और चेहरे पर गहरी चोट आई है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट – जयंत प्रमाणिक

