जमशेदपुर. रक्षाबंधन को भाई-बहन के पारंपरिक रिश्ते से आगे बढ़ाते हुए रोटरैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर सेवार्थाह की ओर से एसएस गुजराती मध्य विद्यालय, बिष्टुपुर में कृतज्ञताबन्धनम् के दूसरे संस्करण का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बच्चों ने अपने हाथों से रंग-बिरंगी राखियां तैयार कर देश और समाज की रक्षा करने वाले वीरों और सेवाभाव से जुड़े लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया.


विद्यालय की प्रधानाचार्या जैस्मिन ठाकर के सहयोग और मार्गदर्शन में आयोजित राखी निर्माण प्रतियोगिता में कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का परिचय देते हुए आकर्षक राखियां तैयार कीं. कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया.
प्रधानाचार्या जैस्मिन ठाकर ने स्वयं राखी बनाकर वीरों के नाम भावपूर्ण संदेश लिखा. उनके इस प्रयास से विद्यार्थियों में देश के रक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को और मजबूती मिली.
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान. प्रतियोगिता को तीन वर्गों में आयोजित किया गया. प्रथम वर्ग में कक्षा 8 की पूजा सरदार ने प्रथम, अंकिता कौर ने द्वितीय और श्वेता कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
द्वितीय वर्ग में कक्षा 4 की सारो मुर्मू ने प्रथम, कक्षा 3 की सिया सिंह ने द्वितीय और कक्षा 8 के रौनक छुतर ने तृतीय स्थान हासिल किया.
तृतीय वर्ग में कक्षा 5 की गुरुवारि कर्मकार ने प्रथम, आरोही लोहार ने द्वितीय और सौरव छुतर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
विजेताओं का चयन उनकी रचनात्मकता, मौलिकता, प्रस्तुति और राखियों के माध्यम से व्यक्त की गई कृतज्ञता की भावना के आधार पर किया गया.
कार्यक्रम में रोटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष कुमार तेजस्वी, कार्यक्रम संयोजक एवं सामुदायिक सेवा निदेशक जयवर्त रघुवंशी तथा सदस्य नितेश श्रीवास्तव की सक्रिय भूमिका रही.
आयोजकों ने कहा कि कृतज्ञताबन्धनम् केवल राखी बनाने की प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को समाज के वास्तविक नायकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाने की एक पहल है. रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी है, जो समाज की सुरक्षा, सेवा और मजबूती के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं.
रोटरैक्ट क्लब ने विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार जताया. क्लब की ओर से कहा गया कि इस तरह की पहल बच्चों में रचनात्मकता के साथ करुणा, देशभक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में सहायक होती है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

