चाईबासा: गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चाईबासा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 33 मोबाइल बरामद किए हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी के नेतृत्व में तकनीकी अनुसंधान और CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल को ट्रेस किया गया. मंगलवार को सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए.


मोबाइल वितरण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हासमी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टुटी और डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी मौजूद रहीं. लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की.
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही लोगों से मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत करने और Sanchar Saathi App के माध्यम से जानकारी दर्ज कराने की अपील की गई है, ताकि CEIR प्रणाली के जरिए मोबाइल को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके.
पुलिस ने बाजार, हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय मोबाइल चोर गिरोह से भी लोगों को सतर्क रहने को कहा है. पुलिस के अनुसार कुछ गिरोह दूसरे जिलों से समूह में पहुंचकर भीड़ का फायदा उठाते हैं और मोबाइल चोरी कर दूसरे राज्यों में खपा देते हैं.
चाईबासा पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने की अपील की है. किसी आपात स्थिति में 112 और साइबर अपराध की स्थिति में 1930 पर संपर्क किया जा सकता है.

