जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th माईल स्टोन होटल में सोमवार को युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के बाद मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मृतक के आवास पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना की जानकारी ली. इसके बाद मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, उन्हें मिलने वाले कथित राजनीतिक संरक्षण और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए.


सरयू राय ने कहा कि शहर में अपराध बढ़ने के पीछे राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों और उनके प्रभाव क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की भी बड़ी भूमिका है. उन्होंने कहा कि वे पहले भी सार्वजनिक रूप से यह मुद्दा उठा चुके हैं कि शहर के नए और कम उम्र के लड़कों को आपराधिक गिरोहों से जोड़कर अपराध की दुनिया में धकेला जा रहा है. उस वक्त उनके बयान का राजनीतिक विरोध हुआ था, लेकिन आज भी वे अपनी उस बात पर कायम हैं.
अपराधी गिरोहों को कौन दे रहा ताकत, इसकी भी हो जांच
सरयू राय ने कहा कि किसी भी आपराधिक गिरोह को लंबे समय तक सक्रिय रहने के लिए कहीं न कहीं से संरक्षण और ताकत मिलती है. पुलिस और शासन-प्रशासन को अपने खुफिया तंत्र से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधियों के पीछे कौन है और उन्हें ताकत कहां से मिल रही है, इसकी तह तक जाना जरूरी है.
उन्होंने निखार की हत्या को पुलिस-प्रशासन के साथ शहर के युवाओं के लिए भी एक सबक बताया. कहा कि युवाओं को अपना रोजगार और व्यवसाय करना चाहिए तथा किसी राजनीतिक दल अथवा प्रभावशाली व्यक्ति के साथ जुड़कर ऐसी गतिविधियों का हिस्सा नहीं बनना चाहिए, जो उन्हें अपराध की ओर ले जाए.
हत्या में जिसकी भूमिका हो, पुलिस करे कार्रवाई
सरयू राय ने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि निखार सबलोक की हत्या में जो भी शामिल हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए और जांच केवल वारदात को अंजाम देने वालों तक सीमित न रहे. घटना के पीछे की पूरी कड़ी और अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों का संरक्षण नहीं मिले तो आपराधिक तत्वों को इतनी ताकत नहीं मिल सकती. ऐसे मामलों में पुलिस और शासन के स्तर पर भी यदि किसी का अपराधियों से संबंध सामने आता है तो उसकी जांच होनी चाहिए.
युवाओं से कहा- अपराधियों की उम्र लंबी नहीं होती
सरयू राय ने युवाओं को आपराधिक गिरोहों से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि अपराध की दुनिया का भविष्य नहीं होता. गैंग से जुड़े लोग पूरी जिंदगी सुरक्षित नहीं रह सकते. इसलिए युवाओं को अपना काम और व्यवसाय स्वतंत्र रूप से करना चाहिए और अपराध की दुनिया से दूरी बनाकर रखनी चाहिए, ताकि किसी दूसरे नौजवान का हश्र निखार जैसा न हो.
गौरतलब है कि सोमवार को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित 10th Mile Stone होटल में निखार सबलोक की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच के बीच अब राजनीतिक संरक्षण और शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों की भूमिका का सवाल भी प्रमुखता से उठने लगा है.

