जामताड़ा: गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर जामताड़ा पुलिस का एक माह तक चला विशेष अभियान सफल रहा. पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ दूसरे जिलों और राज्यों से कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए. मंगलवार, 25 अगस्त को सत्यापन के बाद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए. लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की पहल की सराहना की.


पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुम मोबाइल से संबंधित शिकायतों और CEIR Portal पर दर्ज मामलों के आधार पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद पुलिस टीमों ने तकनीकी माध्यमों और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर मोबाइल की तलाश शुरू की. अभियान के दौरान पुलिस दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंची और कुल 37 मोबाइल बरामद करने में सफलता हासिल की.
जामताड़ा थाना से सर्वाधिक 8 मोबाइल बरामद
अभियान के तहत जामताड़ा थाना क्षेत्र से 8, नारायणपुर से 3, करमाटांड़ से 5, मिहिजाम से 5, नाला से 3, बिंदापाथर से 5, कुंडहित से 4, फतेहपुर से 1 और बागडेहरी थाना क्षेत्र से 3 मोबाइल बरामद किए गए. सभी 37 मोबाइल के वास्तविक धारकों का सत्यापन करने के बाद संबंधित थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना परिसर में उन्हें फोन सुपुर्द किए.
CEIR Portal के इस्तेमाल की दी जानकारी
मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस ने लोगों को CEIR Portal के महत्व और गुम या चोरी हुए मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी. पुलिस ने अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचना देने के साथ CEIR Portal पर आवश्यक विवरण दर्ज कराएं. सही जानकारी उपलब्ध कराने से मोबाइल को ट्रेस और बरामद करने में पुलिस को मदद मिल सकती है.
मोबाइल वापस मिला तो खिल उठे चेहरे
लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर धारकों में खुशी देखी गई. लोगों ने जामताड़ा पुलिस के प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया. पुलिस ने कहा कि आमजन की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

