सरायकेला: ईद-ए-मिलाद उन-नबी पर्व को लेकर सरायकेला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देशन में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने पुलिस टीम के साथ सरायकेला बाजार, राजबांध और टेंटोपोसी क्षेत्र में जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन किया.


इस दौरान पुलिस टीम ने जुलूस मार्ग की स्थिति, संवेदनशील स्थानों और संभावित सुरक्षा चुनौतियों का जायजा लिया. थाना प्रभारी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने को कहा.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जुलूस निर्धारित मार्ग और तय नियमों के अनुसार ही निकाला जाए. उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या भड़काऊ गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
उन्होंने कहा कि पुलिस पर्व के दौरान हर स्थिति पर पैनी नजर रखेगी. कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस टीम ने जुलूस मार्ग में आने वाली संभावित समस्याओं को भी चिह्नित किया और आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए.
थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों और जुलूस में शामिल होने वाले लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि ईद-ए-मिलाद उन-नबी का पर्व शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है. सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें.
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. पुलिस की ओर से पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी किए जाने की बात कही गई है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

