जामताड़ा: नगर परिषद मिहिजाम के वार्ड नंबर 20 में निर्माणाधीन क्षेत्र के पहले बड़े स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की चहारदिवारी पहली ही बारिश में कई जगह ढह गई. वहीं अधिकांश हिस्सों में दीवारें झुक गई हैं. निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही चहारदिवारी की यह स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.


फुटबॉल स्टेडियम के रूप में विकसित किए जा रहे इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को काफी उम्मीदें हैं. लोगों को उम्मीद थी कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इस परिसर के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और जिला एवं राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता खुलेगा. लेकिन शुरुआती दौर में ही निर्माण की स्थिति ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिनों की बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी. चहारदिवारी के कई हिस्से कमजोर होकर झुक गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर दीवार पूरी तरह गिर गई. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कमजोर हिस्सों को नहीं हटाया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
तकनीकी जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों और खिलाड़ियों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि दीवार निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, नींव, गुणवत्ता मानक और निर्माण प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए. साथ ही जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है.
सवाल पूछने पर जेई ने काट दिया फोन
चहारदिवारी गिरने और निर्माण गुणवत्ता को लेकर योजना के कनीय अभियंता सत्यप्रकाश दास से दूरभाष पर संपर्क किया गया. उन्होंने फोन रिसीव किया, लेकिन चहारदिवारी गिरने से जुड़े सवाल पूछे जाने पर बिना जवाब दिए फोन काट दिया. इसके बाद दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका.
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और जांच पूरी होने तक संदिग्ध गुणवत्ता वाले कार्य को आगे नहीं बढ़ाने की मांग की है. अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कब तक कराई जाती है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

