सरायकेला: सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर कोर्ट मोड़ के समीप रविवार दोपहर एक युवक को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके पति और आठ माह की बच्ची को हल्की चोटें आई हैं. तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.


जानकारी के अनुसार, कुचाई निवासी बुबाई हेंब्रम रविवार को अपनी पत्नी प्रमिला हेंब्रम और आठ माह की बच्ची के साथ बाइक से जमशेदपुर जा रहे थे. दोपहर करीब तीन बजे वे कोर्ट मोड़ के समीप पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक एक युवक उनकी बाइक के सामने आ गया.

युवक को बचाने के प्रयास में बुबाई हेंब्रम ने बाइक को मोड़ने की कोशिश की. इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जोरदार टकरा गई. टक्कर में बाइक पर पीछे बैठी प्रमिला हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गईं. वहीं बुबाई हेंब्रम और उनकी आठ माह की बच्ची को भी चोटें आई हैं.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया. अस्पताल में प्रमिला हेंब्रम का इलाज जारी है. वहीं उनके पति और बच्ची की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
सड़क पर अचानक सामने आए युवक को बचाने के प्रयास में हुए इस हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर वाहन चलाते समय सतर्कता और नियंत्रित गति बनाए रखने की जरूरत को सामने ला दिया है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

