जामताड़ा: सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की असीम कृपा से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में संत निरंकारी मिशन, जामताड़ा शाखा की ओर से रविवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नामुपाड़ा परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई. इसके बाद मुख्य अतिथि जामताड़ा राजपरिवार के राजा नित्यगोपाल सिंह, विद्यालय के सचिव रमेश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य प्रभाकर महतो तथा नगर के प्रमुख व्यवसायी और समाजसेवी संजय परसुरामका ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की.


अभियान में संत निरंकारी मिशन के सेवादार भाई-बहनों के साथ शहर के गणमान्य लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस दौरान विद्यालय परिसर में आम, नीम, जामुन, आंवला, कटहल, काजू सहित विभिन्न फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियों के करीब 100 पौधे लगाए गए. कार्यक्रम में शामिल लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया.
जामताड़ा के मुखी महात्मा प्रहलाद जी ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आह्वान पर संत निरंकारी मिशन की ‘वननेस वन’ परियोजना देशभर में संचालित की जा रही है. इस परियोजना का उद्देश्य प्रकृति के साथ एकत्व स्थापित करने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन का मानना है कि वृक्ष धरती का श्रृंगार हैं और मानवता की सेवा ही सच्ची भक्ति है. इसी भावना के साथ मिशन की ओर से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया. आयोजन के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

