चांडिल: कपाली ओपी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिस पर आगे और पीछे दोनों ओर नंबर प्लेट नहीं लगी थी.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अड्डेबाजी, चोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार जांच अभियान चला रही है. इसी क्रम में पुलिस टीम बंधुगोड़ा स्थित बरगद गाछ चौक के समीप गश्त कर रही थी. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार युवक पर पुलिस की नजर पड़ी.
संदेह के आधार पर पुलिस ने युवक को रोककर बाइक के कागजात मांगे. पूछताछ के दौरान युवक पहले टालमटोल करने लगा. लगातार पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने बाइक एक परिचित व्यक्ति से 5,500 रुपये में खरीदी है. इसके बाद पुलिस ने बाइक की जांच शुरू की.
जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल का वास्तविक मालिक कपाली ओपी क्षेत्र के कमारगोड़ा का रहने वाला है. आगे की जांच में यह भी सामने आया कि बाइक कुछ दिन पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी.
चोरी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बाइक जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरशद अंसारी, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता राजू अंसारी, निवासी इस्लामनगर पहला मोड़, मदरसा के समीप, कपाली के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

