आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना पुलिस ने आंसागी फुटबॉल मैदान के किनारे एक युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल और रुपये लूटने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सामान भी बरामद कर लिए हैं. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने बताया कि 19 अगस्त 2026 को चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के हरनाली निवासी विनय डांगी ने आरआईटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. वर्तमान में वह सुदिशा फाउंड्री प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत है. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आंसागी फुटबॉल मैदान के किनारे प्रकाश कर्मकार उर्फ प्रकाश लोहार, रोहित कर्मकार उर्फ रोहित लोहार और मंटू महतो ने उसके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मोबाइल फोन व रुपये लूट लिए.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार रोहित कर्मकार उर्फ रोहित लोहार की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सामान बरामद किए. बरामद सामानों में वीवो कंपनी का एक मोबाइल, जियो कंपनी का एक सिम कार्ड और 500-500 रुपये के दो नोट, कुल 1000 रुपये शामिल हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कर्मकार उर्फ प्रकाश लोहार, उम्र 28 वर्ष, बरगीडीह निवासी, रोहित कर्मकार उर्फ रोहित लोहार, उम्र 27 वर्ष, बरगीडीह निवासी और मंटू महतो, उम्र 23 वर्ष, बरगीडीह निवासी शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार प्रकाश कर्मकार के खिलाफ आरआईटी थाना में वर्ष 2023 में चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित मामला दर्ज है. वहीं रोहित कर्मकार के खिलाफ आदित्यपुर थाना में वर्ष 2020 में हत्या, साक्ष्य मिटाने और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है. इसके अलावा उसके खिलाफ आरआईटी थाना में भी एक मामला दर्ज है.
छापामारी दल में आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के अलावा पुुअनि. विमलेश कुमार महतो, पुुअनि. संजीत कुमार, सअनि. रामजतन प्रसाद, सअनि. विक्रम कुमार तथा आरक्षी 204 उमाशंकर सिंह शामिल थे.

