चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर ‘प्रोजेक्ट जागृति’ के तहत शनिवार को सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. सुबह करीब 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, ग्रामीण और ड्राइवरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. शिविर में कुल 53 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.


शिविर की सफलता पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडवाल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव ने रक्तदाताओं को टी-शर्ट, कप और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और सरकारी कर्मियों एवं ग्रामीणों की भागीदारी समाज के अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करेगी.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप जिन लोगों का हीमोग्लोबिन स्तर 12 ग्राम या उससे अधिक है, वे चिकित्सकीय जांच के बाद स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं.
शिविर में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ‘दीदियों’ की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही. राशन डीलर से जुड़ी महिला सुशीला बंदिया ने पहली बार रक्तदान किया. उन्होंने अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया. आयोजन के दौरान प्रशासनिक एवं चिकित्सा टीम सक्रिय रही. मौके पर डॉ. आनंद शिंदे, बीडीएम सुनीता पूर्ति, क्लर्क अनीता महतो समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

