कांड्रा: थाना क्षेत्र के पिंड्राबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान के छह दिनों से लापता होने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है. पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा से पूछताछ के बाद पुलिस को कथित तौर पर दोनों युवकों के शव रापचा के जंगल में दफन किए जाने की जानकारी मिली है.


जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. दोनों संदिग्धों द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस टीम पहुंचने की तैयारी में जुटी है. मजिस्ट्रेट सह सीआई बलवंत सिंह, एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू दलबल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं.
13 अगस्त की रात से लापता थे दोनों युवक
गौरतलब है कि 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान के धातकीडीह स्कूल में बैठने की बात प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा ने बताई थी. इसके बाद कुछ लोगों के वहां पहुंचने और मारपीट करने की बात सामने आई थी.
जानकारी के अनुसार, तीनों युवकों को कार से गम्हरिया ले जाने की बात भी सामने आई थी. हालांकि, बाद में सूरज वहां से भाग निकला, जबकि राहुल और तपन का कोई पता नहीं चला.
दोनों युवकों के परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी. अब पूछताछ में दोनों युवकों के शव को कथित तौर पर जंगल में दफन किए जाने की जानकारी मिलने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है.
फिलहाल पुलिस बताए गए स्थान पर पहुंचकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटने वाली है. शव बरामद होने और पोस्टमार्टम के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

