जामताड़ा: भारतीय जनता मजदूर मंच के बैनर तले शुक्रवार को जामताड़ा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मंच के प्रदेश अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल झा शामिल हुए. जिला अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.


बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं. जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने जितेंद्र राउत और प्रवीण कुमार पंडित को महामंत्री की जिम्मेदारी दी.
वहीं, शिव शंकर मंडल को जामताड़ा प्रखंड अध्यक्ष, परमेश्वर किस्कू को नाला, चंद्र मोहन सेन को नारायणपुर, फनी भूषण मंडल को फतेहपुर तथा परितोष राय को कुंडहित प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया.
प्रदेश अध्यक्ष सत्यानंद झा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य मजदूरों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ-साथ संगठन का विस्तार जमीनी स्तर तक करना है. कार्यकर्ताओं की सक्रियता से संगठन को नई मजबूती मिलेगी. उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मजदूरों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने कहा कि संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संगठन हित में कार्य करने की अपील की. मौके पर संजीत मंडल, सत्य नारायण बाउरी सहित मंच के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

