सरायकेला: खरसावां थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच आमदा ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुलगुलिया बस्ती आमदा में छापेमारी कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.


गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुड्डू ने पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 19 अगस्त 2026 को करीब 1.30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसावां थाना आमदा ओपी कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी किए गए आभूषण गुलगुलिया बस्ती आमदा निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टिक्का सिंह मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं.

सूचना का सत्यापन करने के बाद आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ललन मोदी के घर पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही घर में मौजूद कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ललन मोदी को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान एक आलमारी के नीचे जमीन पर रखे झोले से प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई. पोटली खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिले. पुलिस के अनुसार बरामद सामान के संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका.
पुलिस ने मौके से चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, ब्रेसलेट, कमरखोसनी, गले की चेन, लॉकेट, सिक्के, बिस्कुट, पंजा समेत अन्य आभूषण बरामद किए. इसके अलावा सोने के लॉकेट, झुमके, नथिया और ताबीज, एमआई कंपनी का एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन तथा टाइटन कंपनी की हाथ घड़ी भी बरामद की गई. पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है.
पूछताछ में पुलिस के अनुसार चोरी के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई. ललन मोदी ने पुलिस को बताया कि उसके परिवार का मुख्य पेशा कथित रूप से बंद और सुनसान घरों में चोरी करना है. पुलिस का दावा है कि बरामद सामान सरायकेला थाना, खरसावां थाना और आमदा ओपी क्षेत्र में हुई विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित है.
इस मामले में खरसावां थाना आमदा ओपी कांड संख्या 39/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 को धारा 317(2), 317(4), 317(5) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले में ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी, उम्र 44 वर्ष, अनु मोदी, उम्र 19 वर्ष, रूपा मोदी, उम्र 22 वर्ष तथा कुंती मोदी, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ललन मोदी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ मानगो थाना और चक्रधरपुर थाना में चोरी तथा चोरी के सामान से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं.
सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुड्डू ने बताया कि आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान चोरी का करीब पांच लाख रुपये का सामान बरामद किया गया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. इस कार्रवाई में आमदा ओपी प्रभारी पु.अ.नि. रामरेखा पासवान, पु.अ.नि. योगेश रजक, स.अ.नि. रोपना राम कांशी तथा आरक्षी-199 राजेन्द्र नाथ किस्कू शामिल रहे.
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आमदा और खरसावां क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद बढ़ी है. फिलहाल पुलिस बरामद आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान किन-किन चोरी की घटनाओं से जुड़ा है और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं.
प्रमोद सिंह (संपादक)

