कांड्रा: अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड, कांड्रा के मुख्य गेट के समक्ष अनुकंपा के आधार पर स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर बुधवार से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया. धरना दे रहे मनीमय महतो ने बताया कि उनके पिता स्व. अशोक कुमार महतो अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड में डीआरआई लैब असिस्टेंट के पद पर स्थायी रूप से कार्यरत थे. चार फरवरी 2026 को उनका आकस्मिक निधन हो गया. इसके बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और भरण-पोषण का कोई स्थायी साधन नहीं है.


मनीमय महतो के अनुसार, पिता के निधन के बाद उन्होंने अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग को लेकर कंपनी प्रबंधन से कई बार वार्ता की. अब तक करीब पांच बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन किसी भी वार्ता में ठोस या सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया. इसके बाद उन्होंने कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है.
मनीमय महतो ने कहा कि उनका उद्देश्य कंपनी में किसी प्रकार की अशांति उत्पन्न करना नहीं है. वे अपनी मांग को शांतिपूर्ण तरीके से कंपनी प्रबंधन के समक्ष रखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कंपनी प्रबंधन अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की दिशा में उचित पहल करे.
धरना शुरू करने से पहले मनीमय महतो ने सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी तथा कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू को आवेदन देकर 20 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी. आवेदन में उन्होंने धरना स्थल पर आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया है. उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और कानून के दायरे में रहकर किया जाएगा.
अब सभी की नजर कंपनी प्रबंधन की पहल पर है. देखना होगा कि मृत कर्मचारी के परिवार की अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग पर कंपनी प्रबंधन क्या निर्णय लेता है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

