जामताड़ा: बंगाल- झारखंड सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सालानपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धांगुड़ी- काशीडांगा इलाके में अभियान चलाकर करीब 510 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद की है. पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है. मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.


अभियान का नेतृत्व सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल ने किया. रूपनारायणपुर फांड़ी प्रभारी सुमंगल सरकार समेत पुलिस अधिकारियों की टीम बुधवार सुबह से ही सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी.
बताया जाता है कि दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को एक पिकअप वैन बंगाल की सीमा पार कर झारखंड की ओर जाते दिखाई दी. संदेह होने पर पुलिस ने धांगुड़ी मोड़ के पास वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान वैन में बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट मिले. पुलिस ने जब इन पैकेटों को हटाकर जांच की तो उनके पीछे छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ के पैकेट बरामद हुए.
पुलिस ने मौके पर ही दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया. दोनों को सालानपुर थाने लाकर पूछताछ शुरू की गई. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे झारखंड में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.
पुलिस अब बरामद खेप के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और कथित मुख्य संचालक तक पहुंचने के लिए पूछताछ और जांच तेज कर दी गई है. सीमा पार करने से पहले बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी को पुलिस तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मान रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

