राजनगर: थाना अंतर्गत हाता- चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर बाघरायसाई गांव के समीप बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां तीखे मोड़ पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पोटका थाना क्षेत्र के चारडीहा निवासी आकाश पात्रो (25 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.


मिली जानकारी के अनुसार, चारडीहा निवासी आकाश पात्रो, टीका राम सरदार (35), भोला सरदार (28) और हीरा गोप (36) एक हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल से राजनगर बाजार आए थे. बाजार से लौटने के दौरान शाम करीब पांच बजे बाघरायसाई गांव के तीखे मोड़ के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि सभी के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है. इसके अलावा सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस और मालवाहक टेंपो के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश पात्रो को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, घायल टीका राम सरदार, भोला सरदार और हीरा गोप का सीएचसी राजनगर में डॉ. श्याम सोरेन की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

