चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को चक्रधरपुर पुरानी बस्ती स्थित सीढ़ी घाट पहुंचकर संजय नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया.


निरीक्षण के दौरान पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी और चक्रधरपुर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हंसदा मौजूद रहे. उपायुक्त ने संजय नदी के जलस्तर, तटीय क्षेत्र की स्थिति और बारिश के प्रभाव का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली.
उपायुक्त ने कहा कि लगातार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से नदी, नाला, जलाशय और अन्य जलस्रोतों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की. विशेष रूप से बच्चों को नदी किनारे जाने से रोकने की सलाह दी गई है.

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने के साथ नदी का बहाव भी तेज हो सकता है. इसलिए नदी किनारे पिकनिक मनाने, मछली पकड़ने या किसी अन्य कारण से जाने से बचना जरूरी है.
उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदी, नाला, पुल-पुलिया और निचले इलाकों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर लोगों को जागरूक करने को भी कहा गया है.
संभावित आपात स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव से जुड़े संसाधनों को तैयार रखने, संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित स्थलों और आश्रय केंद्रों का चयन करने तथा वहां पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
बारिश से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रहने और आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है.
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर के बीच नदी पार करने, तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश करने या पानी की स्थिति देखने के लिए नदी के करीब जाने का जोखिम न उठाएं. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

